फैसला: राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में इजाफा, कई IAS-PCS अधिकारियों के तबादले — रुद्रप्रयाग को मिला नया डीएम
देहरादून। धामी सरकार ने गुरुवार को राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के सम्मान एवं कल्याण के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए पेंशन राशि में वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके साथ ही शासन ने प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। रुद्रप्रयाग को नया जिलाधिकारी भी मिल गया है।
आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि
राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में दी जा रही मासिक पेंशन में बढ़ोतरी की गई है—
राज्य आंदोलन के दौरान 7 दिन जेल गए या घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6000 से बढ़ाकर ₹7000 प्रतिमाह कर दी गई है।
अन्य श्रेणी के राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4500 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह की गई है।
आंदोलन के दौरान पूर्णतः शय्याग्रस्त (Bedridden) हुए विकलांग आंदोलनकारियों की विशेष पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह कर दी गई है।
शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3000 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह निर्णय उनके प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है—
संजय कुमार (IAS-2014) को निदेशक-सेवायोजन पद से मुक्त किया गया।
सौरभ गहरवार (IAS-2016) को अपर सचिव-उद्योग तथा निदेशक-राजकीय मुख्यालय, हल्द्वानी बनाया गया।
नरेन्द्र सिंह भंडारी (IAS-2016) को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद, देहरादून तथा निदेशक-सेवायोजन की जिम्मेदारी दी गई।
विनोद गिरी गोस्वामी (IAS-2017) को अपर सचिव-आवास एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण बनाया गया।
प्रतीक जैन (IAS-2018) को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग पद से हटाकर प्रबंध निदेशक GMVN, मिशन निदेशक जल जीवन मिशन, परियोजना निदेशक नमामि गंगे एवं KFW परियोजना का दायित्व सौंपा गया।
विशाल मिश्रा (IAS-2018) को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया।
गिरधारी सिंह रावत (PCS) को अपर सचिव-अल्पसंख्यक कल्याण, निदेशक-अल्पसंख्यक कल्याण, निदेशक-उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद एवं प्रबंध निदेशक-अल्पसंख्यक कल्याण निगम बनाया गया।
सुरेश जोशी (सचिवालय सेवा) को अपर सचिव, जनगणना नियुक्त किया गया।
कमलेश मेहता को टिहरी में नई तैनाती
निर्वाचन आयोग में तैनात पीसीएस अधिकारी कमलेश मेहता की प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें डिप्टी कलेक्टर, टिहरी गढ़वाल के पद पर तैनात किया गया है। उन्हें तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदों से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0