बालावाला में विराट हिंदू सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

Feb 23, 2026 - 08:30
 142  5.5k
बालावाला में विराट हिंदू सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

कहा – हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव का प्रतीक है यह आयोजन

देहरादून, बालावाला। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बालावाला, देहरादून में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए कहा कि यह मात्र एक सम्मेलन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज आज अपने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्राचीन वैभव को पुनर्स्थापित करने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संगठित हो रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में इस प्रकार के विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे गर्व का विषय बताते हुए कहा कि वे विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन से जुड़े हैं, जिसने पिछले एक शताब्दी में देश के सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया है।


उन्होंने कहा कि शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी उत्थान, सेवा कार्य, कला और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में संघ के स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है, जहां भाषा, संस्कृति, जाति और क्षेत्र के आधार पर अनेक भिन्नताएँ हैं, लेकिन इन सबके बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सदैव भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकात्मता को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हमारी भाषाएं, परंपराएं और पूजा-पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन मानवीय मूल्य एक ही रहते हैं, और यही व्यापक स्वरूप हिंदुत्व की मूल भावना है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, ऑपरेशन कालनेमी, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, मदरसा बोर्ड को समाप्त कर समान शिक्षा व्यवस्था की दिशा में कदम उठाना तथा हिंदू स्टडी सेंटर की स्थापना जैसे निर्णय इसी उद्देश्य से लिए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, पार्षद श्री प्रशांत खरोला, ब्रह्मचारी केशर स्वरूप, श्री ललित बुड़ाकोटी, श्री सुभाष बड़थ्वाल, श्री गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0