त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, कैंप त्यागी रोड पर 71 खाद्य पदार्थों की जांच

Feb 11, 2026 - 08:30
 145  15.5k
त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, कैंप त्यागी रोड पर 71 खाद्य पदार्थों की जांच

देहरादून, 10 फरवरी। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनजागरूकता एवं जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मंगलवार को कैंप त्यागी रोड, देहरादून में खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से आम उपभोक्ताओं के लिए विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य आम जनमानस को गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान उपभोक्ताओं द्वारा अपने घरों में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थ जैसे दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, मसाले, दाल आदि की मौके पर ही निःशुल्क जांच की गई और खाद्य सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
खाद्य सचल विश्लेषणशाला द्वारा कुल 71 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 5 नमूनों में दूध में मिल्क फैट कम पाया गया, जबकि 3 मसालों में स्टार्च की मिलावट पाई गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून ने बताया कि आम उपभोक्ता यदि अपनी सोसायटी या कॉलोनी में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच करवाना चाहते हैं, तो वे विभागीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
उधर विकासनगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय तिवारी ने व्यापार मंडल के साथ बैठक कर सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण और खाद्य डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इस दौरान 8 हाई-रिस्क खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा भारतीय खाद्य प्राधिकरण के निर्देशानुसार 5 सीरियल प्रोडक्ट (दाल आदि) के नमूने जांच हेतु लिए गए।
अभियान में उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी खाद्य सचल विश्लेषणशाला श्री वीरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह और खाद्य विश्लेषक श्री रमेश जोशी सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0