Uttarakhand: कालसी के पास गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Feb 11, 2026 - 08:30
 147  15.6k
Uttarakhand: कालसी के पास गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी तीन लोगों की दर्दनाक मौत

विकासनगर। देहरादून जिले के विकासनगर में कालसी तहसील के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बैराटखाई-गागंरोऊ मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की जान चली गई है, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, राजस्व पुलिस क्षेत्र तहसील कालसी के गांगरौ के पास वायाधार नामक स्थान पर यह हादसा तब हुआ जब यात्रियों से भरी यूटिलिटी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में समा गई। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और प्रशासन की टीम रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पर पहुंची। खाई गहरी होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन ग्रामीणों की मदद से घायलों को जल्द से जल्द सड़क तक पहुंचाया गया।

इस सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कर ली गई है। गांगरों निवासी 65 वर्षीय लूसो देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, कुस्यौ निवासी 35 वर्षीय गीता देवी की स्थिति काफी गंभीर थी, जिन्होंने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा, चिटाड़ निवासी 53 वर्षीय धनौ देवी की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में घायल हुए पांच अन्य लोगों को उपचार के लिए तत्काल उप जिला अस्पताल विकासनगर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।

वाहन के चालक रमेश ने बताया कि यह हादसा यूटिलिटी के पिछले टायर के अचानक निकल जाने की वजह से हुआ। टायर निकलते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे खाई की ओर मुड़ गया। चालक के अनुसार, उस वक्त वाहन को संभालना नामुमकिन था। उपजिलाधिकारी प्रेमलाल ने इस सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु और पांच लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है। प्रशासन द्वारा अब हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों की स्थिति पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

 

Pls read:Uttarakhand: गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा बीआरओ डंपर खाई में गिरने से चालक की मौत

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0