दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग का चेकिंग अभियान, देहरादून में 10 नमूने जांच हेतु लिए गए

देहरादून।
आगामी दीपावली त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड द्वारा जनपद देहरादून में चेकिंग अभियान चलाया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. आर. राजेश कुमार तथा अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान संचालित किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में विभागीय टीम ने हर्रावाला, मोहकमपुर और हरिद्वार रोड क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर कलाकंद, घी सहित पांच नमूने जांच हेतु लिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (विकासनगर) श्री संजय तिवारी के नेतृत्व में सहसपुर क्षेत्र में भी निरीक्षण अभियान चलाया गया, जहां से पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संकलित किए गए।
सहायक आयुक्त श्री मनीष सयाना ने बताया कि दीपावली पर्व के दृष्टिगत आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 10 नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह, विकासनगर से श्री संजय तिवारी, तथा मसूरी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कपिल देव सहित विभाग की पूरी टीम शामिल रही।
उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह निरीक्षण अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?






