चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 50 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या

Sep 14, 2026 - 08:30
 130  1.9k
चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 50 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या

गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालु पहुंचे, यमुनोत्री भी 7 लाख पार; बद्रीनाथ में 17.28 लाख दर्शन

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 12 सितंबर तक 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। यानी इस बार अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक तीर्थयात्री पहुंचे हैं।

सबसे बड़ी उपलब्धि गंगोत्री धाम के नाम रही, जहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 7 लाख 84 हजार 321 पहुंची है। इससे पहले सर्वाधिक 7 लाख से अधिक श्रद्धालु वर्ष 2022, 2023 और 2025 में पहुंचे थे।

यमुनोत्री धाम में भी इस वर्ष नया आंकड़ा दर्ज हुआ है। अब तक 7 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष यहां 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे।

वहीं, बद्रीनाथ धाम भी नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 12 सितंबर तक 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 13 लाख 82 हजार 845 था।

श्री हेमकुंट साहिब में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 3 लाख 19 हजार 135 तक पहुंची है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशानिर्देशन में यात्रा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यात्राकाल में अभी करीब दो महीने शेष हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0