उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी के मामले में यूपीसीएल की सख्त कार्रवाई, मीटर रीडर सेवाओं से मुक्त

Nov 25, 2026 - 08:30
 100  485
उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी के मामले में यूपीसीएल की सख्त कार्रवाई, मीटर रीडर सेवाओं से मुक्त

देहरादून। विद्युत उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, अनुचित आचरण एवं धमकी देने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विद्युत वितरण खण्ड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस भेज दिया गया है।
यूपीसीएल विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके सम्मान एवं हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में संबंधित मीटर रीडर के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई।
शिकायतों के आधार पर प्रकरण से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग एवं वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता द्वारा गठित जांच समितियों ने भी मामले की जांच की। जांच में संबंधित कर्मचारी के उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं अनुचित आचरण संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई।

जांच आख्या के आधार पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रकरण उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा गया। विभाग की ओर से उपनल को सूचित किया गया कि मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर वापस किया जा रहा है।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि विद्युत विभाग में उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव अथवा किसी भी प्रकार का अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतें मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा अनुचित व्यवहार, अभद्रता अथवा अवैध धनराशि की मांग की जाती है तो तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता या उच्च अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपभोक्ताओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति यूपीसीएल ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि सेवा के नाम पर किसी भी तरह की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0